ग्वालियर। 31/05/2026
ग्वालियर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रविवार 31 मई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई अहम बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। ऊर्जा मंत्री और सांसद की मौजूदगी में तय किया गया कि 15 जून से भिंड और मुरैना के लिए चलने वाली बसें पुराने बस स्टैंड के साथ-साथ नए ISBT से भी संचालित होंगी। इसके अलावा शहर से चलने वाली सभी वीडियो कोच बसों को भी ISBT से संचालित करने की दिशा में सहमति बनी है।
ग्वालियर में लंबे समय से यातायात के बढ़ते दबाव और पुराने बस स्टैंड पर लगने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। रविवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 जून से भिंड और मुरैना जाने वाली यात्री बसें नए अंतर्राज्यीय बस अड्डे ISBT से भी संचालित होंगी। बसें पुराने बस स्टैंड से चलकर ISBT पहुंचेंगी और वहां से यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगी। सभी बसों का ISBT पहुंचना अनिवार्य रहेगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर से संचालित वीडियो कोच बसों का संचालन भी नए बस स्टैंड से किया जाएगा। प्रशासन वीडियो कोच संचालकों से चर्चा कर इस व्यवस्था को लागू करेगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने बस स्टैंड से ISBT तक पहुंचने के लिए ऑटो और अन्य सवारी वाहनों के किराए भी निर्धारित किए जाएंगे, ताकि लोगों से मनमाना किराया न वसूला जा सके।
साथ ही स्मार्ट सिटी की “द सूत्र बस सेवा” का संचालन भी ISBT से किए जाने का निर्णय लिया गया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सभी की सहभागिता जरूरी है और आधुनिक बस अड्डे का व्यवस्थित संचालन ग्वालियर के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बने आधुनिक ISBT का पूरा उपयोग होना चाहिए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव भी कम हो।
कलेक्टर और एसएसपी ने भी स्पष्ट किया कि नए बस स्टैंड तक यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी और निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारी ढोने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन का दावा है कि यह नई व्यवस्था ग्वालियर की यातायात प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने में अहम साबित होगी।
🔗 हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें: https://facebook.com/thexposeexpress
📸 Instagram: https://instagram.com/thexposeexpress
📺 YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें: https://youtube.com/@thexposeexpress
हम दिखाते हैं वो जो सब छुपाते हैं... हर खबर के पीछे की असली तस्वीर, सिर्फ The Xpose Express पर।




