ग्वालियर
दिनांक: 22 मई 2026
ग्वालियर में रिश्तों का एक ऐसा खूनी खेल सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखना एक पति को इतना भारी पड़ गया कि ससुराल वालों ने उसे बुलाकर बेरहमी से पीटा और उसका कान तक काट डाला। घायल पति शुक्रवार दोपहर 1 बजे एसपी ऑफिस पहुंचा और बोला— “अगर अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो मेरी जान जा सकती है।
हजीरा थाना क्षेत्र निवासी राहुल राजावत खून से सने जख्म और टूटे हौसले के साथ एसपी ऑफिस पहुंचा। राहुल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ज्योति राजावत, ससुर रामदास परमार और साले विक्की-रिंपल ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला किया।
राहुल के मुताबिक शादी के बाद से ही पत्नी से विवाद शुरू हो गया था। आए दिन झगड़े होते थे और करीब दो साल पहले पत्नी मायके जाकर रहने लगी थी। लेकिन 4 मई को राहुल ने स्टेशन इलाके में अपनी पत्नी को एक दूसरे युवक के साथ देख लिया। यही बात पूरे विवाद की जड़ बन गई।
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी के परिवार वालों ने 19 मई को समझौते की बात कहकर उसे बुलाया। राहुल जैसे ही वहां पहुंचा, वैसे ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि हमला इतना खौफनाक था कि उसके बांये कान को दांतों से काटकर लगभग अलग कर दिया गया।
राहुल का कहना है कि घटना के बाद उसने हजीरा थाना पुलिस में शिकायत की, लेकिन कई दिन गुजरने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। अब डरा-सहमा राहुल पुलिस अफसरों से खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी गंभीर वारदात के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर क्यों हैं? और क्या घायल पति को इंसाफ मिल पाएगा… या फिर वो यूं ही डर के साये में जीने को मजबूर रहेगा?
🔗 हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें: https://facebook.com/thexposeexpress
📸 Instagram पर जुड़ें: https://instagram.com/thexposeexpress
📺 YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें: https://youtube.com/@thexposeexpress
हम दिखाते हैं वो सच… जिसे छुपाने की हर कोशिश की जाती है। The Xpose Express

