Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

ग्वालियर: रिश्तों के 'प्रॉपर्टी विवाद' और ₹5 लाख की ब्लैकमेलिंग ने ली नगर निगम कर्मचारी की जान, सुसाइड नोट में खुली अपनों की पोल

 ग्वालियर। 30/05/2026

 ग्वालियर नगर निगम में पदस्थ कर्मचारी गौरव भदौरिया की आत्महत्या का मामला अब सिर्फ एक खुदकुशी नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और अपनों की प्रताड़ना का एक खौफनाक सच बनकर सामने आया है। बीती रात अपने ही घर में अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारने वाले गौरव ने मरने से ठीक पहले अपने मोबाइल पर जो सुसाइड नोट छोड़ा है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं।


इस सुसाइड नोट में जहर देकर मारने की धमकी, मकान और जमीन हड़पने की साजिश और लाखों रुपयों के लेन-देन का बेहद सनसनीखेज खुलासा हुआ है।


मरने से पहले भाई को वीडियो कॉल 

वारदात से ठीक पहले गौरव ने अपने छोटे भाई को वीडियो कॉल किया था। उस वक्त गौरव के हाथ में बंदूक थी और वह जिंदगी खत्म करने की बात कह रहा था। भाई ने उसे बहुत समझाया, मिन्नतें कीं, लेकिन गौरव के सिर पर प्रताड़ना का दर्द इस कदर हावी था कि वह भाई की चीखें नहीं सुन सका और यह बातचीत दोनों भाइयों की आखिरी मुलाकात साबित हुई।


पढ़िए... सुसाइड नोट का एक-एक शब्द, जो गौरव ने मोबाइल पर छोड़ा:

गौरव भदौरिया ने अपने होशोहवास में लिखे नोट में सीधे तौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। नोट में लिखा है:


"मैं गौरव सिंह भदौरिया, अपने पूरे होशोहवास में आत्महत्या करने जा रहा हूँ। मेरी मौत के जिम्मेदार रणवीर सिंह भदौरिया, सत्यवती भदौरिया और सीमा परमार (पत्नी: राकेश परमार) हैं। इसके अलावा मेरी मौत की एक और जिम्मेदार नीतू सिकरवार (पत्नी: पुष्पराज सिकरवार) है।

यह (नीतू सिकरवार) मुझसे कह रही थी कि या तो ₹5 लाख दो या फिर तुम्हारे पिताजी की जो जमीन तुम्हारे नाम पर है, वह हमारे नाम करो; नहीं तो हम तुम्हें जहर देकर मरवा देंगे। इसी कारण से मैं अपनी आत्महत्या कर रहा हूँ। मेरी मौत की जिम्मेदार सत्यवती (पत्नी: रणवीर सिंह भदौरिया), सीमा (पत्नी: राकेश परमार) और नीतू (पत्नी: पुष्पराज सिकरवार) हैं। मेरी प्रशासन से गुजारिश है कि इन तीनों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।"

₹2.40 लाख देने के बाद भी मिल रही थी धमकी

सुसाइड नोट के अगले हिस्से में गौरव ने अपनी मजबूरी और ब्लैकमेलिंग का जिक्र करते हुए लिखा है:

नीतू सिकरवार (पत्नी: पुष्पराज सिकरवार) को मैं पहले ही ₹2,40,000 दे चुका हूँ। उसके बावजूद मुझसे लगातार पैसों की डिमांड की जा रही है। मुझसे बोला जा रहा है कि जो तुम्हारे मकान में हिस्सा है, वह मुझे चाहिए; नहीं तो मैं तुम्हारे साथ बहुत बुरा करूँगी।"

जांच में जुटी पुलिस, कटघरे में आरोपी

हालांकि घटना के बाद मृतक का भाई कैमरे के सामने किसी बड़े विवाद से इनकार कर रहा है, लेकिन मृतक के खुद के मोबाइल से मिले इस सुसाइड नोट ने पूरी तस्वीर साफ कर दी है। ₹5 लाख की मांग, पहले दिए जा चुके ₹2.40 लाख और फिर मकान-जमीन के हिस्से के लिए "जहर देकर मारने" जैसी खौफनाक धमकियों ने गौरव को अंदर से तोड़ दिया था।

सीएसपी (CSP) का कहना है कि पुलिस के पास सुसाइड नोट के रूप में यह सबसे बड़ा और पुख्ता डिजिटल सबूत है। इस नोट में जिन भी लोगों के नाम दर्ज हैं और जिन पर प्रताड़ना व ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए गए हैं, पुलिस उन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर बेहद बारीकी और गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

 विशेष रिपोर्ट, द एक्सपोज़ एक्सप्रेस (The Xpose Express)


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Seamless Logo Marquee
Design by - Blogger Templates |