Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

ग्वालियर में ‘रणभेरी’ पुस्तक का भव्य विमोचन, 18 राज्यों के 51 जनजातीय क्रांतिकारियों की वीरगाथाओं को किया गया संकलित

 

ग्वालियर। जनजातीय योद्धाओं के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को साहित्य के माध्यम से नई पहचान दिलाने वाली पुस्तक ‘रणभेरी : जनजातीय योद्धाओं की अमर गाथा’ का ग्वालियर में आयोजित यंग थिंकर्स कॉन्क्लेव-2026 में भव्य विमोचन किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उद्घाटित इस आयोजन में अभिनेता एवं रंगमंच कलाकार पीयूष मिश्रा सहित कला, साहित्य और विचार जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं।

पद्मश्री भरत गुप्त, कार्यक्रम संयोजक आशुतोष जी और पुस्तक के लेखक राजपाल सिंह चौहान की उपस्थिति में पुस्तक का विमोचन हुआ। इस अवसर पर जनजातीय समाज के उन वीर नायकों के योगदान को साहित्य के माध्यम से सामने लाने की पहल को सराहा गया, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

पुस्तक ‘रणभेरी’ में देश के 18 राज्यों के 51 जनजातीय क्रांतिकारियों की वीरगाथाओं को शामिल किया गया है। इसमें उनके संघर्ष, स्वाभिमान, शौर्य और बलिदान की कहानियों को संकलित किया गया है। पुस्तक का उद्देश्य ऐसे जननायकों के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है, जिन्हें अब तक व्यापक पहचान नहीं मिल सकी है।

इससे पहले पुस्तक का कवर पेज दिल्ली के भारत मंडपम में सांसदों, साधुजनों और युवाओं के बीच जारी किया गया था। ग्वालियर में हुए विमोचन के साथ ही पुस्तक को साहित्य जगत में एक नई पहचान मिली है।

खास बात यह है कि पुस्तक के लेखक राजपाल सिंह चौहान ग्वालियर से ही जुड़े हैं। वर्तमान में दिल्ली में रहकर वह हिंदी कविता, साहित्य और कवि सम्मेलनों के माध्यम से अपनी पहचान बना रहे हैं। ‘रणभेरी’ उनकी तीसरी पुस्तक है। इससे पहले उनकी दो पुस्तकें ‘त्रासदी का दौर’ और युवाओं के बीच लोकप्रिय उपन्यास ‘वन हार्ट टू स्टोरी’ प्रकाशित हो चुकी हैं।

‘रणभेरी’ के माध्यम से लेखक ने जनजातीय वीरों के इतिहास, उनके संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को साहित्य के जरिए समाज के सामने लाने का प्रयास किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Seamless Logo Marquee
Design by - Blogger Templates |