ग्वालियर।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामविलास द्वारा क्षत्रिय समाज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज शहर का माहौल गरमा गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 1, 2, 3, 4 और 5 के संयुक्त नेतृत्व में चार शहर का नाका पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामविलास का पुतला दहन किया।
सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में एकत्रित हुए और ‘भाजपा होश में आओ’, ‘रामविलास होश में आओ’, ‘भाजपा मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए पूर्व मंत्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
पुतला दहन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्ता के नशे में चूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी सेना पर उंगली उठाना, तो कभी शहीदों के परिजनों पर टिप्पणी करना भाजपा नेताओं की आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पहलाद पटेल, जगदीश देवड़ा, फाल्गुनी सिंह कुलस्ते और अब रामविलास जैसे नेताओं की बयानबाज़ी से पार्टी की असली सोच उजागर हो रही है।
भदौरिया ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की शह पर ही जनता और सेना का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सात दिन के भीतर भाजपा ने रामविलास के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे बयानों पर तुरंत मामला दर्ज किया जाए। मंदसौर की घटना को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे पार्टी का असली चेहरा सामने आ गया है।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू राजपूत, लक्ष्मीनारायण कुशवाह, अशोक सिंह सिकरवार, रणवीर सिंह चौधरी, रचना कुशवाहा समेत कई प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।