ग्वालियर | 27 जून 2025
ग्वालियर में आम आदमी पार्टी ने आज प्रेसवार्ता आयोजित कर भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ग्वालियर-चंबल संभाग प्रभारी एडवोकेट रोहित गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा अब विपक्षी पार्टियों को तोड़ने के मिशन पर है, और ग्वालियर में उनके निशाने पर ‘आप’ है।
रोहित गुप्ता ने कहा कि,
“गुजरात के जूनागढ़ जिले की वीसाबदर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया की 17 हजार वोटों से ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा घबराई हुई है। और अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सीधा संदेश है कि 'आप' को राज्यों में तोड़ो और कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल कराओ।”
उन्होंने भाजपा सांसद भारत सिंह कुशवाह पर निशाना साधते हुए कहा कि कल कुशवाह ने एक फोटो शेयर की जिसमें यह दावा किया गया कि आप कार्यकर्ताओं ने भाजपा ज्वाइन की है। इस पोस्ट में ‘आप’ की कार्यकर्ता मनीषा बंसल को दिखाया गया। इस पर रोहित गुप्ता ने स्पष्ट किया कि—
“मनीषा बंसल सिर्फ अपनी बेटी के ट्रांसफर के सिलसिले में गई थीं। भाजपा ने उनकी फोटो को तोड़-मरोड़कर इस्तेमाल किया। मैं पूछना चाहता हूं कि अगर अमिता खंडेलवाल ने भाजपा की सदस्यता ली है तो उनका सदस्यता क्रमांक क्या है? झूठे प्रचार से भाजपा आम जनता को गुमराह कर रही है।”
प्रेसवार्ता में मौजूद प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु चौहान और प्रदेश सह सचिव अमित शर्मा ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि—
“हमारे सभी कार्यकर्ता हमारे साथ हैं। कोई भी बीजेपी में नहीं गया है। हम एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, यही वजह है कि भाजपा बौखलाहट में इस तरह के हथकंडे अपना रही है।”
प्रेसवार्ता में प्रदेश सह सचिव अमिता खंडेलवाल, कुलदीप बाथम, मीडिया कोऑर्डिनेटर राहुल गौर, और जिला सचिव त्रिलोचन सिंह भी उपस्थित रहे।