📍 रायसेन।
जिले के बेगमगंज सिविल अस्पताल में रविवार को उस समय भावुक माहौल बन गया जब एक महिला ने ऐसी बच्ची को जन्म दिया, जिसके दोनों हाथ जन्म से ही नहीं हैं। यह असामान्य जन्म खुद में कुदरत का एक करिश्मा बनकर सामने आया, जिसे देखने के लिए अस्पताल में लोगों का तांता लग गया।
बेगमगंज अस्पताल के सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने जानकारी दी कि मामला ग्राम देवलापुर का है। यहां के रहने वाले मजदूर अरबाज़ खां की पत्नी रोशनी को गांव की आशा कार्यकर्ता की मदद से डिलीवरी के लिए अस्पताल लाया गया था। दोपहर को उसकी पहली संतान — एक खूबसूरत बेटी का जन्म हुआ, लेकिन जन्म के समय ही सामने आया कि बच्ची के दोनों हाथ कंधों से ही नहीं हैं।
डॉ. तोमर ने बताया कि फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। हालांकि बच्ची के दोनों हाथ न होने से भविष्य में उसे कई शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
इस दुर्लभ जन्म की खबर फैलते ही अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी भीड़ जुट गई। हर कोई इस बच्ची को देख रहा था — कोई आश्चर्य में, तो कोई भावुक नजरों से। लोग दुआओं और आशीर्वाद के साथ उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।