Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रेमी चिता को देने वाला था मुखाग्नि... तभी पहुंच गई पुलिस, ग्वालियर के श्मशान में खुली संदिग्ध मौत की परतें

 


ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित गुढ़ा-गुढ़ी का नाका मुक्तिधाम में सोमवार को ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। एक युवक बिना किसी रिश्तेदार और बिना किसी शोक-संतप्त माहौल के महिला का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा था। चिता सज चुकी थी, मुखाग्नि देने की तैयारी थी, लेकिन तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। अगर पुलिस पांच मिनट भी देर से पहुंचती, तो महिला की मौत हमेशा के लिए श्मशान की आग में दफन हो जाती।



दरअसल, मुक्तिधाम कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। सूचना मिलते ही कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई गुलाब सिंह, प्रधान आरक्षक योगेंद्र जाट, आरक्षक सुरेश धाकड़ और पंजाब सिंह ने युवक को चिता के पास ही रोक लिया।



पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शव महिला मीनू का था और अंतिम संस्कार करने वाला युवक उसका लिव-इन पार्टनर योगेश राठौर है। मीनू मूल रूप से भिंड की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2013 में रामानंद चौहान से हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन करीब दो साल पहले वह पति और बच्चों को छोड़कर योगेश के साथ चली गई थी। दोनों दिल्ली में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे।

पूछताछ में योगेश ने पुलिस को बताया कि मीनू पिछले दो-तीन दिनों से बीमार थी और उसी दौरान उसकी मौत हो गई। उसने दावा किया कि नर्सिंग का अनुभव होने के कारण वह घर पर ही उसका इलाज कर रहा था। हालांकि जब पुलिस ने डॉक्टर की पर्ची, इलाज के दस्तावेज और दवाइयों के बिल मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ कि यदि महिला की मौत सामान्य थी, तो शव को सीधे भिंड ले जाने के बजाय ग्वालियर लाकर चुपचाप अंतिम संस्कार क्यों किया जा रहा था? पुलिस को युवक की कहानी में कई विरोधाभास मिले, जिसके बाद मामला और संदिग्ध हो गया।

पुलिस की सूचना पर मृतका के पिता शीतल सिंह भदौरिया और पति रामानंद चौहान भी ग्वालियर पहुंचे। दोनों ने महिला की मौत पर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार के मुताबिक, फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस अब हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।

🔗 हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें: https://facebook.com/thexposeexpress
📸 Instagram पर जुड़ें: https://instagram.com/thexposeexpress
📺 YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें: https://youtube.com/@thexposeexpress

जो सच चिता की आग में छिपने वाला था, उसे सामने लाता है The Xpose Express

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Seamless Logo Marquee
Design by - Blogger Templates |