Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

शादी के नाम पर बड़ा खेल… दुल्हन निकली पहले से शादीशुदा, कन्यादान करने वाला ही निकला असली पति


ग्वालियर |24 मई 2026

ग्वालियर में शादी के नाम पर ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को गरीब लड़की बताकर जिस युवती से शादी कराई गई, वह पहले से शादीशुदा निकली। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जो व्यक्ति खुद को लड़की का भाई बताकर कन्यादान कर रहा था, वही उसका असली पति निकला। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक नाका चंद्रवदनी इलाके में रहने वाले रतन शर्मा जबलपुर के एक निजी अस्पताल में इमरजेंसी विभाग में टीम लीडर हैं। परिवार में पांच भाई हैं और सभी अविवाहित थे। शादी के लिए रिश्ता तलाशा जा रहा था, तभी पड़ोसी सोनू तिवारी ने इस पूरे खेल की शुरुआत की।


सोनू तिवारी ने रतन के भाई गोविंद को बताया कि उसका दोस्त सोनू उर्फ अजय चौहान अपनी “गरीब मुंहबोली बहन” के लिए अच्छा रिश्ता ढूंढ रहा है। भरोसा कर परिवार लड़की देखने पहुंचा और फोटो पसंद आने के बाद रिश्ता तय कर दिया गया।


इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को गोद भराई की रस्म भी कराई गई, जिसमें आरोपी सोनू चौहान खुद को लड़की का भाई बताकर शामिल हुआ। फिर 7 मई 2026 को पाटनकर चौराहा स्थित सुखसागर होटल में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई, जिसमें करीब 7 लाख रुपये खर्च हुए।

शादी में सोनू चौहान की मां माया देवी ने खुद को लड़की की मां बताकर कन्यादान किया, जबकि उसकी बहन, जीजा और भाई भी लड़की पक्ष बनकर मौजूद रहे। शादी के बाद दुल्हन को नाका चंद्रवदनी स्थित घर लाया गया।

लेकिन इसके बाद दुल्हन लगातार मोबाइल पर किसी से चैट करती रहती थी। शक होने पर जब पति ने मोबाइल चेक किया तो व्हाट्सऐप चैट ने पूरा सच उजागर कर दिया। पता चला कि जो सोनू उर्फ अजय चौहान खुद को भाई बताकर शादी करा रहा था, वही उसका असली पति है और दोनों ने 2024 में आगरा के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था।

इसके बाद रतन के परिवार के होश उड़ गए। आरोप है कि यह पूरा गिरोह सुनियोजित तरीके से शादी कर लाखों रुपये और जेवरात ठगने की साजिश में शामिल था।

पीड़ित परिवार ने दुल्हन को पकड़कर झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने राधा उर्फ दीक्षा मुद्गल, सोनू उर्फ अजय चौहान सहित 7 लोगों पर मामला दर्ज किया है। दुल्हन को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जबकि कथित पति सोनू चौहान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


---

🔗 हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें: [The Xpose Express Facebook](https://facebook.com/thexposeexpress?utm_source=chatgpt.com)
📸 Instagram पर जुड़ें: [The Xpose Express Instagram](https://instagram.com/thexposeexpress?utm_source=chatgpt.com)
📺 YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें: [The Xpose Express YouTube](https://youtube.com/@thexposeexpress?utm_source=chatgpt.com)

हम दिखाते हैं वो जो सब छुपाते हैं... The Xpose Express सच की हर परत खोलता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Seamless Logo Marquee
Design by - Blogger Templates |