दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा में गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया
ग्वालियर, 30 जून। छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला ग्वालियर में सोमवार को विशाल गुरमत समागम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। यह आयोजन संगत के सहयोग से कार सेवा खडूर साहिब की ओर से किया गया।
समागम का शुभारंभ श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित धार्मिक दीवानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरबाणी कीर्तन एवं गुरमत विचारों का श्रवण किया।
इस दौरान प्रसिद्ध कथावाचक भाई सरबजीत सिंह (लुधियाना) ने गुरु हरगोबिंद साहिब जी के जीवन, उनके उपदेशों और सिख धर्म की महान परंपराओं पर आधारित प्रेरक विचार संगत के समक्ष रखे। वहीं भाई सरबजीत सिंह (पटना साहिब) के रागी जत्थे तथा गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला ग्वालियर के हज़ूरी रागी भाई रतनजीत सिंह ने मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अरदास की गई, जिसमें सरबत के भले, पंथ की चढ़दी कला और समस्त मानवता के कल्याण की कामना की गई। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।



