12 अगस्त को होगा भूमि पूजन, 16 से 25 अगस्त तक रजवाड़ा पैलेस में कथा, शिवलिंग निर्माण-पूजन और दिव्यांग सेवा शिविर
ग्वालियर। ग्वालियर में धर्म, आस्था और सेवा का एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजा-अभिषेक, श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ और दिव्यांग चिकित्सा सेवा शिविर को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को लेकर 9 अगस्त को रजवाड़ा पैलेस, सागरताल रोड पर पहली बैठक आयोजित की गई।
संत शिरोमणि श्री गोपाल शरण जी महाराज के सानिध्य में हुई बैठक में आयोजन की तैयारियों, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के मुताबिक 12 अगस्त को वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही महायज्ञ की तैयारियां औपचारिक रूप से गति पकड़ेंगी।
16 अगस्त से 25 अगस्त तक रजवाड़ा पैलेस, सागरताल रोड, आनंद नगर में आयोजन का भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। इस दौरान सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ पूजा-अभिषेक, श्रीमद्भागवत कथा और दिव्यांग चिकित्सा सेवा शिविर सहित कई धार्मिक एवं सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन की मुख्य यजमान श्रीमती रमा-राजू यादव (सागरताल) रहेंगी। बैठक में आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संयोजक मध्य प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर हैं। उनके मार्गदर्शन में आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं कार्यक्रम के संरक्षक पूज्य श्री संत कृपाल सिंह जी महाराज, आध्यात्मिक निकेतन ग्वालियर हैं।
संत शिरोमणि श्री गोपाल शरण जी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
ग्वालियर की हर बड़ी खबर पर हमारी नजर...
The Xpose Express
हम दिखाते हैं वो जो सब छुपाते हैं। हम हैं The Xpose Express।

