अयोध्या साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को राजस्थान की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सीकर के एक व्यक्ति को साइबर फ्रॉड के मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर उससे 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
मामले की शिकायत पीड़ित ने राजस्थान ACB की सीकर यूनिट से की। 17 अगस्त को शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 18 अगस्त को ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की।
आरोप है कि अयोध्या साइबर पुलिस की टीम खुद रिश्वत की रकम लेने सीकर पहुंच गई। जैसे ही कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपये से भरा बैग लिया, ACB टीम ने मौके पर चारों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह और कांस्टेबल पवन कुमार त्रिपाठी, सोहनलाल तथा गौरव चारग शामिल हैं।
राजस्थान में हुई इस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद अयोध्या पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अयोध्या के SSP गौरव ग्रोवर ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
The Xpose Express — हम दिखाते हैं वो जो सब छुपाते हैं। हम हैं The Xpose Express.

